प्रदेश में सुशासन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक ‘सुशासन तिहार 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रशासनिक अमला सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनेगा और मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेगा।
सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। इसके लिए जिले से लेकर ग्राम स्तर तक विशेष शिविरों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जहां अधिकारी आमजन से सीधे संवाद करेंगे।इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं जैसे राजस्व, बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सरकार का मानना है कि यह पहल प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील बनाएगी। ‘सुशासन तिहार 2026’ के माध्यम से न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि आम जनता का शासन के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा।अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और प्रत्येक प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि हर नागरिक तक समय पर सुविधा और न्याय पहुंच सके।







